मंडावली में बच्चे के डूबने की सूचना निकली झूठी, घंटों चला सर्च ऑपरेशन

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाना अंतर्गत चंदर विहार रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार सुबह एक बच्चे के निर्माणाधीन गड्ढे में डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गए, लेकिन घंटों की कड़ी मशक्कत और छानबीन के बाद यह खबर पूरी तरह अफवाह निकली। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौके पर किसी भी बच्चे के डूबने या हताहत होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है और न ही किसी बच्चे के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:42 बजे मंडावली थाने को एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉलर ने आशंका जताई थी कि चंदर विहार रेलवे स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन स्थल पर पानी से भरे गड्ढे में एक बच्चा डूब गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि सूचना देने वाले व्यक्ति ने स्वयं ऐसी किसी घटना को नहीं देखा था और न ही वह किसी ऐसे बच्चे को जानता था जो वहां मौजूद हो। यह पूरी सूचना केवल एक आशंका पर आधारित थी।

एहतियात के तौर पर पुलिस ने सच्चाई का पता लगाने के लिए व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। मौके पर डीडीएमए के गोताखोरों, दमकल विभाग की गाड़ियों, एमसीडी स्टाफ और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया। घंटों तक पानी से भरे गड्ढे और आसपास के इलाके को खंगाला गया, लेकिन किसी भी व्यक्ति या बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और आसपास के निवासियों से भी पूछताछ की गई, जिसमें डूबने की बात की पुष्टि नहीं हो सकी।

पुलिस के मुताबिक, इलाके में किसी के डूबने या मौत की खबर पूरी तरह अपुष्ट और निराधार है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बिना किसी ठोस जानकारी या साक्ष्य के इस तरह की खबरें सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से न फैलाएं, क्योंकि इससे अनावश्यक रूप से लोगों में डर और भ्रम पैदा होता है। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है और पुलिस ने अपनी जांच प्रक्रिया पूरी कर ली है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More