भाई के झगड़े में बीच-बचाव करने वाले पर चाकू से हमला, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना जहांगीरपुरी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले को महज कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात के मुख्य आरोपी सुमित उर्फ पुच्ची (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो जहांगीरपुरी इलाके का ही रहने वाला है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया घातक चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुमित एक सक्रिय अपराधी है और पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 18 मार्च को बीजेआरएम अस्पताल से एक घायल युवक, गौतम (32 वर्ष) के भर्ती होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल ने बयान दिया कि उसके छोटे भाई गौरव और आरोपी सुमित के बीच झगड़ा हो रहा था। जब गौतम ने बीच-बचाव करते हुए सुमित को चेतावनी दी, तो वह वहां से चला गया लेकिन कुछ ही मिनटों बाद चाकू लेकर वापस आया और गौतम के पेट में वार कर दिया। इस शिकायत पर थाना जहांगीरपुरी में धारा 109(1) BNS के तहत हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी सतविंदर सिंह और एसीपी योगेंद्र खोखर के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर नेतराम और इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई दीपक, एचसी दिनेश, नित्यानंद, रविंदर और कांस्टेबल अनिल शामिल थे। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर छापेमारी की और वारदात के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी सुमित उर्फ पुच्ची को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पीड़ित द्वारा दी गई चेतावनी से अपमानित महसूस कर रहा था और इसी रंजिश में उसने जानलेवा हमला किया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More