दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, चोरी की ब्रेज़ा कार और अवैध हथियार बरामद, दर्जनों मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला अंतर्गत विकासपुरी थाना टीम ने आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मारुति सुजुकी ब्रेज़ा कार और दो अवैध बटनदार चाकू बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव (30 वर्ष), निवासी फर्रुखाबाद (यूपी) और करण (25 वर्ष), निवासी विकास नगर के रूप में हुई है। इन दोनों की गिरफ्तारी से शाहबाद डेयरी और विकासपुरी सहित विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के कई महत्वपूर्ण मामले सुलझा लिए गए हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने कि क्षेत्र में स्नैचिंग और चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए गश्त तेज करने और सक्रिय अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में विकासपुरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई सुमित शौकीन, हेड कांस्टेबल अशोक, राबित, सीताराम और कांस्टेबल दिनेश, सविन व पवन की एक विशेष टीम गठित की गई। 17 और 18 मार्च की मध्यरात्रि को तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर इन दोनों आरोपियों को उस समय दबोच लिया जब वे संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से घातक बटनदार चाकू बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हुए, जिसमें पता चला कि बरामद की गई ब्रेज़ा कार शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपी गौरव ने पूछताछ में शाहबाद डेयरी इलाके में ही एक अन्य चोरी की वारदात में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस ने पाया कि आरोपी करण के खिलाफ पहले से ही चोरी और झपटमारी के 20 से अधिक मामले दर्ज हैं, वहीं गौरव भी 5 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अब इस बात की जांच की जा रही है कि वे इन हथियारों और चोरी के वाहनों का इस्तेमाल किन अन्य बड़ी वारदातों में करने वाले थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More