पालम विलेज पुलिस ने स्टे-होम में हुई चोरी का किया पर्दाफाश; ट्रेनिंग मैनेजर गिरफ्तार, ₹1.11 लाख नकद और सामान बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना पालम विलेज की टीम ने एक स्टे-होम में हुई चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए वहां के ट्रेनिंग मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए ₹1,11,400 नकद और चोरी की रकम से खरीदे गए ₹10,500 मूल्य के सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल उर्फ गौरव (23 वर्ष), निवासी सेक्टर-16बी, द्वारका के रूप में हुई है। आरोपी ने रिसेप्शन काउंटर की दराज से बड़ी नकदी पर हाथ साफ किया था।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 11 मार्च को रामफल चौक स्थित एक स्टे-होम के मैनेजर आर. विजय ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, रिसेप्शन काउंटर की दराज में रखे ₹1,25,850 गायब थे। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो उसमें स्टे-होम का ही एक कर्मचारी (ट्रेनिंग मैनेजर) चोरी करते हुए साफ दिखाई दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल सतपाल सिंह, विकास कुमार और कांस्टेबल कमलेश व श्यामा की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर 15 मार्च को उत्तम नगर के सेवक पार्क इलाके से आरोपी साहिल को धर दबोचा। शुरुआत में उसके पास से ₹61,400 बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की एक दिन की रिमांड हासिल की, जिसमें उसकी निशानदेही पर उसके घर से ₹50,000 की अतिरिक्त नकदी और उसके दोस्त के घर से वे सामान बरामद किए गए जो उसने चोरी के पैसों से खरीदे थे। आरोपी साहिल 11वीं तक पढ़ा है और स्टे-होम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More