महज़ 6 घंटे में दबोचा 49 वारदातों में शामिल शातिर सेंधमार, चोरी के जेवर और नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला अंतर्गत ख्याला थाना की रघुबीर नगर पुलिस चौकी ने मुस्तैदी दिखाते हुए घर में हुई चोरी की वारदात को मात्र 6 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान राजू उर्फ मैंगो (35 वर्ष), निवासी रघुबीर नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का गिलास, तीन सोने की नोज पिन, एक कमरबंद और 17,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास चौंकाने वाला है, वह दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज 49 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 17 मार्च की सुबह करीब 9:35 बजे ख्याला थाने में चोरी की सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इलाके में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए गठित की गई विशेष टीम, जिसका नेतृत्व रघुबीर नगर चौकी प्रभारी एसआई अनुज मोर कर रहे थे, ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपी राजू उर्फ मैंगो की पहचान की गई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों की मदद से महज़ 6 घंटों के भीतर आरोपी को धर दबोचा।

सघन पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया सारा माल बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी राजू उर्फ मैंगो एक पेशेवर सेंधमार है और उस पर पहले से ही चोरी व अन्य अपराधों के 49 मामले दर्ज हैं, जो पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और इस मामले में आगे की तफ्तीश जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस वारदात में उसके साथ कोई और भी शामिल था या उसने हाल के दिनों में अन्य किन वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More