आर.के. पुरम पुलिस ने 5-स्टार होटल के शेफ को चोरी के आरोप में किया गिरफ्तार; मास्टर की, चोरी की स्कूटी और नकदी समेत जेवर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना आर.के. पुरम की टीम ने एक ऐसे शातिर और चालाक चोर को गिरफ्तार किया है जो दिन में द्वारका के एक प्रतिष्ठित 5-स्टार होटल में शेफ के तौर पर काम करता था और रात में सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के ₹2.69 लाख नकद, सोने की दो अंगूठियां, एक नथ, झुमके, नाक की पिन, चांदी की पायल, पांच अंगूठियां और एक चांदी का सिक्का बरामद किया है। इसके अलावा, चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर की और दो स्कूटी भी जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निलेश उर्फ निकेश (22 वर्ष), निवासी केडी कॉलोनी, आर.के. पुरम के रूप में हुई है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 18 फरवरी को आर.के. पुरम निवासी टी. सैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वे परिवार के साथ राजस्थान में एक शादी समारोह में गए थे, तब उनके बंद घर से नकदी और जेवरात चोरी हो गए। हैरानी की बात यह थी कि चोर ने चोरी के बाद घर को वापस बाहर से लॉक कर दिया था। एसीपी बब्बर भान के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी रविंदर कुमार त्यागी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक मास्टर की से घर खोलते और आधे घंटे बाद सामान लेकर स्कूटी पर फरार होते दिखाई दिया।

जांच के दौरान जब पुलिस ने निलेश को संदिग्ध मानकर पूछताछ के लिए बुलाया, तो उसने होटल में अपनी नाइट ड्यूटी का हवाला देकर बचने की कोशिश की। हालांकि, तकनीकी और वित्तीय विश्लेषण के साथ-साथ गहन पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह चाइनीज लॉक खोलने के लिए मास्टर की का इस्तेमाल करता था और चोरी का माल उसने अपने कार्यस्थल (होटल) की पार्किंग में खड़ी एक चोरी की स्कूटी में छिपा रखा था। आरोपी निलेश 12वीं पास है और होटल में साउथ इंडियन शेफ के रूप में कार्यरत है, लेकिन कम समय में अमीर बनने की चाहत ने उसे अपराध की दुनिया में धकेल दिया। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More