सूरज हम शर्मिंदा हैं… के नारों से गूंजा प्रह्लादपुर, सूरज की हत्या पर दिल्ली में भारी आक्रोश

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के प्रह्लादपुर इलाके में युवक सूरज की नृशंस हत्या के खिलाफ हिंदू संगठनों ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के हजारों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विशाल आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि दिल्ली में अब कट्टरपंथ को और अधिक सहन नहीं किया जाएगा। सभा के दौरान ‘सूरज हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में कट्टरपंथी ताकतों के विरुद्ध आक्रामक तेवर दिखाते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बेहद कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि इंद्रप्रस्थ (दिल्ली) की धरती से आज यह स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि अन्याय और पाप के दिन अब गिनती के बचे हैं। बंसल ने चेतावनी दी कि हिंदू समाज अब ऐसी घटनाओं पर शांत नहीं बैठेगा और ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कट्टरपंथ के प्रतीकों को समाप्त करने और न्याय की स्थापना के लिए कड़े संकल्प दोहराए।

विहिप बजरंग दल इंद्रप्रस्थ प्रांत के संयोजक जगजीत सिंह गोल्डी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। गोल्डी ने सूरज के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि यदि दोषियों के विरुद्ध त्वरित और कठोरतम कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विहिप के प्रचार प्रमुख संजीव कुमार ने बताया कि समाज अब संगठित हो चुका है और इस तरह की नृशंस वारदातों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे प्रह्लादपुर इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More