सब्जी मंडी पुलिस ने दबोचा सदर बाजार का कुख्यात स्नैचर, छीना हुआ मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की तीस हजारी कोर्ट चौकी (थाना सब्जी मंडी) ने एक सक्रिय और शातिर झपटमार को गिरफ्तार कर स्नैचिंग की एक बड़ी वारदात को सुलझा लिया है। पकड़ा गया आरोपी रविंदर उर्फ हशप्रीत (26 वर्ष), निवासी मोतिया खान, सदर बाजार का एक घोषित अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट के 15 मामले पहले से दर्ज हैं।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 1 मार्च को महाराष्ट्र के रहने वाले सौरभ, जो दिल्ली में जेप्टो कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करते हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी। सौरभ जब अपनी स्कूटी से डिलीवरी के लिए प्रताप नगर जा रहे थे, तब बर्फखाना चौक (रानी झांसी फ्लाईओवर) के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके स्टैंड पर लगा ‘ओप्पो’ मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी विदुषी कौशिक के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी बनवारी लाल के नेतृत्व में चौकी प्रभारी एसआई तस्वीर की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे पता चला कि आरोपी लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार थे। गुप्त सूचना और जमीनी स्तर की जानकारी के आधार पर पुलिस ने 12 मार्च को पुल डफरिन के पास जाल बिछाया और आरोपी रविंदर को धर दबोचा।

पूछताछ में रविंदर ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी राम अवतार के साथ मिलकर इस स्नैचिंग को अंजाम दिया था। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी उन्होंने तिलक नगर इलाके से चुराई थी। रविंदर जब छीना हुआ मोबाइल बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

आरोपी रविंदर स्कूल ड्रॉपआउट है और ड्रग्स व शराब का आदी है। अपनी इन जरूरतों को पूरा करने के लिए वह लगातार वारदातों को अंजाम देता था। उसका साथी राम अवतार फिलहाल चोरी की मोटरसाइकिल के साथ फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से छीना हुआ मोबाइल बरामद कर लिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More