दिल्ली से चोरी की अपाचे पर आए थे नकाबपोश, हथियार के बल पर लूटा था 350 ग्राम सोना, मुठभेड़ के बाद तीसरा बदमाश दबोचा

फरीदाबाद : मुजेसर थाना क्षेत्र के गांव सरूरपुर में ज्वेलरी की दुकान पर हुई सनसनीखेज लूट का खुलासा करते हुए फरीदाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह सूरजकुंड शूटिंग रेंज रोड पर हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी हैं और उन पर लूट व डकैती के दर्जनों मामले दर्ज हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार दहिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि 11 मार्च को सेक्टर-85 निवासी संजय वर्मा की सरूरपुर स्थित ज्वेलरी शॉप पर नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 350 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए थे। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सबसे पहले 14 मार्च को साकिब उर्फ बाली (26) को गिरफ्तार किया, जिस पर यूपी में 6 मामले दर्ज हैं। इसके बाद 16 मार्च को 11 मामलों में संलिप्त जावेद उर्फ मेंटल (40) को दबोचा गया।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम को मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि लूट में शामिल तीसरा आरोपी धर्मबीर उर्फ बाबू जी (निवासी संभल, यूपी) दिल्ली की ओर से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर आ रहा है। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर दो फायर झोंक दिए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली धर्मबीर के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। मौके से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है। इस संबंध में सूरजकुंड थाने में हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इन सभी बदमाशों की मुलाकात उत्तर प्रदेश की जेल में हुई थी, जहां इन्होंने लूट की इस बड़ी साजिश को अंजाम देने का ताना-बाना बुना था। वारदात के लिए इन्होंने दिल्ली के रमेश पार्क इलाके से एक अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की थी। घटना के दिन रिहान नामक बदमाश ने रेकी की थी, जबकि जावेद और रिहान दुकान के अंदर घुसे थे। साकिब मोटरसाइकिल स्टार्ट कर बाहर खड़ा था और धर्मबीर हथियार लेकर दुकान के पास तैनात था ताकि किसी भी विरोध की स्थिति में वह गोली चलाकर अपने साथियों को निकाल सके।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि फरार आरोपी रिहान की तलाश में पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों से लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More