लाल किले के पास बेटी को स्कूल छोड़ने आए पिता से स्नैचिंग करने वाले 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की कोतवाली थाना टीम ने लाल किले के पास एक अभिभावक से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले तीन शातिर स्नैचर्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से छीना हुआ मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 6 मार्च को लोनी रोड निवासी संजय कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपनी बेटी को प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल छोड़ने आए थे, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सुमन कुमार के नेतृत्व में निरीक्षक ज्ञान प्रकाश की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई दे गया। वेरिफिकेशन करने पर मोटरसाइकिल का पता नांगलोई का निकला। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर दिलशाद (20 वर्ष) को दबोच लिया, जिसके पास से पीड़ित का मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर उसके दो अन्य साथियों, अमन (23 वर्ष) और अब्दुल्ला (23 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी गहरे मित्र हैं और स्कूल ड्रॉपआउट हैं। वे शराब और नशीली दवाओं के आदी हैं और अपनी इसी लत को पूरा करने के लिए अपराध का रास्ता चुना। आरोपी दिलशाद वारदात के लिए अपनी मां के नाम पर पंजीकृत मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। गिरफ्तार आरोपियों में से अमन और अब्दुल्ला पहले भी नांगलोई थाने में दर्ज लूट के मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More