सरकारी अधिकारी बनकर यात्रियों को लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़; कमला मार्केट पुलिस ने 3 को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला की कमला मार्केट थाना टीम ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो रेलवे स्टेशन के पास यात्रियों को अपना शिकार बनाता था। यह गिरोह खुद को ‘सरकारी अधिकारी’ बताकर सुरक्षा जांच के नाम पर लोगों के पैसे और एटीएम कार्ड लूट लेता था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटा गया कैश, एटीएम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 12 मार्च को बिहार के दरभंगा से आए एक यात्री ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बदरपुर जाने के लिए मिंटो रोड से एक ऑटो में सवार हुआ था। रास्ते में दो अन्य लोग ऑटो में बैठे, जिनमें से एक ने खुद को सरकारी अधिकारी बताया और मौजूदा ‘विश्व युद्ध’ जैसी सुरक्षा स्थितियों का हवाला देकर यात्री की तलाशी लेनी शुरू कर दी।

जांच के दौरान आरोपी रवि कुमार (मास्टरमाइंड) ने फर्जी अधिकारी बनकर यात्री का एटीएम कार्ड और पिन हासिल कर लिया। इसके बाद उसने बड़ी चालाकी से असली कार्ड को नकली कार्ड से बदल दिया और उसे एक लिफाफे में डालकर यात्री को थमा दिया। यात्री को निर्देश दिया गया कि वह इस लिफाफे को घर पहुँचकर ही खोले। इस बीच, आरोपियों ने पीड़ित के खाते से ₹52,000 निकाल लिए और कार्ड से खरीदारी भी की।

एसीपी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अंकुश, नरेश और कांस्टेबल मोहित की टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने ऑटो के नंबर को टेप से छिपा रखा था। हालांकि, गहन तकनीकी जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस ने फतेहपुर बेरी (असोला) में छापेमारी कर कृष्ण कुमार (ऑटो ड्राइवर), रवि कुमार और राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुख्य आरोपी रवि कुमार पहले भी आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस के मामलों में शामिल रहा है, जबकि अन्य दो आरोपियों पर भी अवैध गतिविधियों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹12,500 नगद और पीड़ित का एसबीआई डेबिट कार्ड बरामद कर लिया है। पुलिस अब अन्य संभावित पीड़ितों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More