अंधेरे का फायदा उठाकर भाग रहा था चोर, पुलिसकर्मियों ने दबोचा; सुलझाईं चोरी की दो वारदातें

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिम जिला की कीर्ति नगर थाना टीम ने नाइट विजिल (रात्रि गश्त) अभियान के तहत एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार कर चोरी की वारदातों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू, दो चोरी के मोबाइल फोन और एक चोरी की वॉटर मोटर बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान समीर (18 वर्ष), निवासी शारदापुरी, रमेश नगर के रूप में हुई है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि इलाके में स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए पुलिस टीमों को संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। 14-15 मार्च की दरमियानी रात, हेड कांस्टेबल कृष्ण और कांस्टेबल बनशनबोर भगत सिंह पार्क के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पार्क के गेट के पास एक संदिग्ध युवक को घूमते देखा। पुलिस को देखते ही वह झाड़ियों की ओर भागने लगा, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 32 सेंटीमीटर लंबा एक अवैध बटनदार चाकू मिला, जिसके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। कड़ी पूछताछ में समीर ने स्वीकार किया कि वह कीर्ति नगर इलाके में चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो मोबाइल और एक वॉटर मोटर बरामद की, जो पहले से दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी पाई गई।

पुलिस ने आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह चोरी का सामान किसे बेचता था। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कीर्ति नगर थाने में दर्ज दो महत्वपूर्ण चोरी के मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More