स्पेशल स्टाफ ने दो हथियार तस्करों को दबोचा, तीन पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सुहैल (20), निवासी न्यू सीलमपुर और आसान उर्फ अहसान (28), निवासी खुर्जा, बुलंदशहर (यूपी) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ की टीम को जिले में अवैध हथियारों की सप्लाई के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर 12 मार्च को इंस्पेक्टर धीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने वेलकम इलाके के झील पार्क के पास जाल बिछाया और मोहम्मद सुहैल को दबोच लिया। तलाशी के दौरान सुहैल के पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने वेलकम थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान सुहैल ने कबूला कि वह हथियारों की सप्लाई के धंधे में शामिल है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से मुख्य सप्लायर आसान उर्फ अहसान को गिरफ्तार किया। अहसान के पास से भी एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जांच में पता चला है कि अहसान पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में शामिल रह चुका है।

स्पेशल स्टाफ अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि ये हथियार दिल्ली के किन अपराधियों को बेचे जाने थे और इस गैंग के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी से दिल्ली में होने वाली संभावित वारदातों पर लगाम लगने की उम्मीद है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More