राजौरी गार्डन पुलिस ने ब्लेड मारकर लूटपाट करने वाले कीटाणु को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिम जिला की सुभाष नगर चौकी (थाना राजौरी गार्डन) ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक सनसनीखेज लूटपाट के मामले को महज 6 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है, जिसने एक व्यक्ति पर ब्लेड से हमला कर पैसे लूटे थे। पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय उर्फ कीटाणु (22 वर्ष), निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 14 मार्च को सुभाष नगर के लेबर चौक पर लूटपाट की सूचना मिली थी। पीड़ित सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात युवक ने उनके चेहरे पर ब्लेड से हमला किया और उनसे ₹2500 नगद व उनका आधार कार्ड छीनकर फरार हो गया। घायल सुरेंद्र को तुरंत रघुबीर नगर स्थित जीजीएस अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने चोट की पुष्टि की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी प्रभारी एसआई विक्रांत सिंह के नेतृत्व में एसआई अश्विनी कुमार, हेड कांस्टेबल पिंटू और कांस्टेबल नरवीर की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी की पहचान ‘कीटाणु’ के रूप में हुई। पुलिस ने जाल बिछाकर उसे सुभाष नगर के डिस्ट्रिक्ट पार्क से दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए ₹2500, पीड़ित का आधार कार्ड और वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना हुआ ब्लेड बरामद कर लिया है। 22 वर्षीय अजय उर्फ कीटाणु एक आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी व छेड़छाड़ जैसे पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More