मदनपुर खादर में मिला माली का शव, नशे की हालत में नाले में गिरने से मौत की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज थाना अंतर्गत मदनपुर खादर इलाके में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जगदीश उर्फ कालू के रूप में हुई है, जो नेहरू प्लेस स्थित एक पार्क में अनुबंध पर माली का काम करता था। शुरुआती जांच में पुलिस ने किसी भी तरह की साजिश से इनकार किया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि अत्यधिक नशे की हालत में नाले में गिरने के कारण उसकी मौत हुई है।

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च की सुबह एक स्थानीय निवासी ने पैदल थाने पहुंचकर सूचना दी कि मदनपुर खादर के डी-ब्लॉक स्थित एमसीडी पार्क में एक व्यक्ति अचेत पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्राइम व एफएसएल की टीमों को भी बुलाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फेस-3 निवासी जगदीश के रूप में हुई।

स्थानीय पूछताछ में सामने आया कि जगदीश को शराब और अन्य नशीले पदार्थों की गंभीर लत थी। वह हाल ही में एक नशामुक्ति केंद्र से इलाज कराकर बाहर आया था, लेकिन उसने दोबारा शराब पीना शुरू कर दिया था। चश्मदीदों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जगदीश भारी नशे की हालत में पास के एक नाले में गिर गया था, जिसे कुछ राहगीरों ने बाहर निकालकर पार्क में लिटा दिया था।

कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एम्स ट्रॉमा सेंटर की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है, जहां बुधवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में बीएनसएस की धारा 194 के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More