बच्ची को स्कूल भेज रही महिला से दिनदहाड़े लूट, विरोध करने पर सिर पर वार कर छीनी सोने की चूड़ी

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके कृष्णा नगर में मंगलवार सुबह बदमाशों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक महिला के साथ सरेराह लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। विजय चौक पर हुई इस घटना में चार हथियारबंद बदमाशों ने न केवल महिला से सोने की चूड़ी लूटी, बल्कि विरोध करने पर उन पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया। कृष्णा नगर थाना पुलिस ने डकैती और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 17 मार्च की सुबह करीब 7:15 बजे की है। पीड़िता अपनी बेटी को स्कूल बस में बिठाने के लिए विजय चौक आई थी। जब वह बच्ची को छोड़कर अपनी स्कूटी से वापस घर के लिए निकलने वाली थी, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार अज्ञात नकाबपोश वहां पहुंचे। चारों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखे थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। एक बदमाश ने महिला के हाथ से सोने की चूड़ी छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर उनके सिर पर किसी भारी चीज से वार कर दिया, जिससे वह चोटिल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बाइकों पर फरार हो गए।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 309(6), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 शामिल की गई है। पुलिस की कई टीमें इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में रोष और असुरक्षा का माहौल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More