गांधी नगर पुलिस ने अवैध गैस रीफिलिंग रैकेट का किया पर्दाफाश, भारी मात्रा में सिलेंडर और मशीनें जप्त

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिला की गांधी नगर थाना टीम ने रिहायशी इलाके में अवैध रूप से गैस रीफिलिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नौ एलपीजी सिलेंडर, गैस भरने वाली मशीनें और तोलने का कांटा बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरता था और उन्हें ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध लाभ कमा रहा था।

पुलिस के अनुसार, 13 मार्च को हेड कांस्टेबल रोहित गांधी नगर इलाके में नियमित बीट पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान धर्मपुरा की एक दुकान पर उन्हें कुछ संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। जब दुकान की जांच की गई, तो वहां एक व्यक्ति मशीन की सहायता से बड़े घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरते हुए पाया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान राम विलास शर्मा (55 वर्ष), निवासी न्यू उस्मानपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह व्यावसायिक लाभ के लिए घरेलू गैस की अवैध रीफिलिंग कर रहा था। यह न केवल आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का उल्लंघन है, बल्कि रिहायशी इलाके में इस तरह गैस का स्थानांतरण एक बड़ी दुर्घटना को भी दावत दे सकता था।

पुलिस ने मौके से दो बड़े घरेलू सिलेंडर, छह मध्यम सिलेंडर, एक छोटा सिलेंडर, दो गैस भरने वाली मशीनें और एक वजन करने वाली मशीन बरामद की है। हेड कांस्टेबल रोहित की शिकायत पर थाना गांधी नगर में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी को घरेलू सिलेंडरों की इतनी बड़ी खेप कहां से उपलब्ध हो रही थी। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More