बवाना पुलिस ने अवैध गैस रीफिलिंग रैकेट का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी-उत्तरी जिला की बवाना थाना टीम ने रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से एलपीजी गैस रीफिलिंग और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पूठ खुर्द और कृष्णा विहार इलाकों में छापेमारी कर दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है, जो बड़े घरेलू व कमर्शियल सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर उन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहे थे।

बाहरी-उत्तरी जिले के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि बवाना चौक और पूठ खुर्द क्षेत्र में गैस की अवैध रीफिलिंग की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद बीट स्टाफ को सतर्क किया गया। 14 मार्च को कांस्टेबल गोविंद ने पूठ खुर्द में लोकेश कुमार यादव (37 वर्ष) को बड़े एचपी सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरते हुए रंगे हाथों पकड़ा। ठीक अगले दिन, 15 मार्च को कांस्टेबल राकेश ने बवाना के कृष्णा विहार से अमरजीत कुमार (37 वर्ष) को इसी तरह की अवैध गतिविधि में लिप्त पाया।

पुलिस के अनुसार, रिहायशी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह गैस का अवैध स्थानांतरण आग और विस्फोट का गंभीर खतरा पैदा करता है। आरोपी न केवल सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे थे, बल्कि जरूरतमंदों को ऊंचे दामों पर गैस बेचकर आर्थिक शोषण भी कर रहे थे। पुलिस ने मौके से इंडेन और एचपी के बड़े सिलेंडर, दो छोटे सिलेंडर और गैस ट्रांसफर करने वाले नोजल व पाइप बरामद किए हैं।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3, 7 और 6A के तहत दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने जब्त किए गए स्टॉक और उपकरणों को राजसात करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के जीवन को खतरे में डालने वाली और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में बाधा डालने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More