जामिया नगर पुलिस ने अवैध गैस बिक्री रैकेट का किया पर्दाफाश, 62 सिलेंडर और टाटा एस बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्वी जिला की जामिया नगर थाना टीम ने आवश्यक वस्तुओं के अवैध व्यापार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 62 एलपीजी सिलेंडर (48 भरे और 14 खाली) और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला एक टाटा एस वाहन बरामद किया है।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि 16 मार्च को बीट पेट्रोलिंग के दौरान हेड कांस्टेबल विजय और विक्रम ने यमुना पुश्ता की गली नंबर-39 में एक संदिग्ध वाहन को सिलेंडरों से लदा देखा। जब वाहन के पास खड़े व्यक्ति से लाइसेंस या अधिकृत दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। तलाशी लेने पर वाहन से कुल 62 सिलेंडर बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी शाहनवाज (28 वर्ष), निवासी जोगा बाई एक्सटेंशन, ने खुलासा किया कि वह अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर इस अवैध धंधे को चला रहा था। ये लोग उत्तर प्रदेश के मेरठ (ग्राम ललियानी) स्थित एक गैस एजेंसी के पास से चोरी-छिपे सिलेंडर लाते थे और जामिया नगर के निवासियों को बिना किसी रसीद या पर्ची के बहुत ऊंचे दामों पर बेचते थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह घटना से एक दिन पहले भी करीब 70 सिलेंडर यूपी से लाकर दिल्ली में बेच चुका है।

पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। शाहनवाज केवल तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में इस अपराध में शामिल हुआ। फिलहाल पुलिस इस रैकेट के मुख्य सूत्रधार मुकेश की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और यह पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More