दिल्ली में रीलबाजी बनी जानलेवा, वीडियो बनाते वक्त युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना इलाके के दल्लूपुरा गांव में एक युवक द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि जब पवन ने खुद को गोली मारी, उस समय उसका चचेरा भाई मौके पर मौजूद था और पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बना रहा था। पुलिस ने आरोपी भाई के मोबाइल और लाइसेंस पिस्तौल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को वसुंधरा एन्क्लेव स्थित धर्मशिला अस्पताल से एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी। जब पुलिस अस्पताल पहुंची, तो पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया गया था। उसके सीने के बाईं ओर गोली लगने का निशान था। प्रारंभिक जांच और मौके के मुआयने से पता चला कि पवन ने अपने चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंस पिस्तौल से खुद को गोली मारी है।

जांच के दौरान पुलिस को हिमांशु के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें पवन पिस्तौल को हाथ में लिए हुए दिखाई दे रहा है और अगले ही पल वह खुद को गोली मार लेता है। वीडियो में हिमांशु इस पूरी घटना को रिकॉर्ड करता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंस पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने अस्पताल और वारदात वाली जगह से साक्ष्य जुटाए हैं।

न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने एमएलसी रिपोर्ट और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि हिमांशु ने पवन को रोकने के बजाय वीडियो क्यों बनाया और क्या यह केवल एक हादसा था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More