विजय विहार पुलिस ने अवैध गैस रीफिलिंग रैकेट का किया पर्दाफाश; डिलीवरी बॉय गिरफ्तार, 17 सिलेंडर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला की विजय विहार थाना टीम ने अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के चलते गैस किल्लत की अफवाहों का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर, रीफिलिंग पाइप और तोलने वाली मशीनें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान पुष्पेंद्र, निवासी विजय विहार के रूप में हुई है, जो रोहिणी सेक्टर-5 स्थित एक गैस एजेंसी में डिलीवरी बॉय का काम करता था।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण देश में एलपीजी की कमी की अफवाहें फैल रही थीं, जिसे देखते हुए जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई थी। एसीपी (रोहिणी) अतुल सूद के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी मनोहर लाल के नेतृत्व में गठित एसआई दीपक और हेड कांस्टेबल प्रदीप की टीम ने 12 मार्च को विजय विहार फेज-1 में छापेमारी की। वहां आरोपी पुष्पेंद्र घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर उसे कमर्शियल सिलेंडरों में भरते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी डिलीवरी बॉय घरेलू सिलेंडरों से गैस चोरी करता था और उन्हें कमर्शियल सिलेंडरों में भरकर ऊंचे दामों पर ब्लैक मार्केट में बेचता था। वह गैस की मात्रा को सटीक रखने के लिए तोलने वाली मशीनों का उपयोग भी कर रहा था। पुलिस ने मौके से 15 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, दो कमर्शियल सिलेंडर, चार रीफिलिंग पाइप और चार वेटिंग मशीनें बरामद की हैं। साथ ही परिवहन में इस्तेमाल होने वाली उसकी बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

आरोपी के खिलाफ थाना विजय विहार में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आपदा या किल्लत का भय दिखाकर कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस अवैध धंधे में गैस एजेंसी के अन्य कर्मचारी या कोई बड़ा नेटवर्क तो शामिल नहीं है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More