हर्ष विहार से चोरी की स्कूटी पर स्नैचिंग करता बंदर चढ़ा पुलिस के हत्थे

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना पुलिस ने स्नैचिंग की एक वारदात को सुलझाते हुए एक शातिर झपटमार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुंदर नगरी निवासी आमिर खान उर्फ बंदर (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल बेचने से मिली नकदी और वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 14 मार्च को चंद्रलोक कॉलोनी निवासी नितिन ठाकुर (36) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह शाम के समय जीटीबी रेड लाइट के पास से घर लौट रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीना और फरार हो गए। इस शिकायत पर नंद नगरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी आनंद यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्ध आमिर खान उर्फ बंदर को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसने छीना हुआ मोबाइल दस हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल बिक्री की रकम में से 4,670 रुपये नकद बरामद किए हैं।

जांच में एक और अहम खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी चोरी की थी, जिसे हर्ष विहार थाना क्षेत्र से चुराया गया था। पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर लिया है और अब इस मामले में शामिल आमिर के दूसरे साथी की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने मोबाइल किसे बेचा था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More