बवाना हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार; प्रॉपर्टी विवाद में दोस्तों संग मिलकर की थी हत्या

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (AGS) टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बवाना थाना इलाके में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान योगी उर्फ देवराज डबास (24 वर्ष), निवासी पूठ खुर्द, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी 8 मार्च को हुई भूपेंद्र उर्फ भोलू की हत्या के बाद से ही फरार चल रहा था।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि 8 मार्च को पूठ खुर्द के पास राज वाटिका इलाके में भूपेंद्र नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी भगवती प्रसाद के मार्गदर्शन और निरीक्षक अरविंद अहलावत के नेतृत्व में एसआई प्रदीप, नवीन और एएसआई रवि लांबा सहित एक विशेष टीम गठित की गई थी।

टीम को तकनीकी विश्लेषण और मानवीय खुफिया जानकारी के जरिए सूचना मिली कि आरोपी योगी छावला बस स्टैंड (नजफगढ़) के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी योगी का मृतक भूपेंद्र के साथ काफी समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों (निखिल, सुमित और एक किशोर) के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 8 मार्च को योगी और निखिल ने भूपेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौत हो गई।

24 वर्षीय योगी उर्फ देवराज डबास 12वीं तक पढ़ा है और पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में शामिल रहा है। इस मामले में पुलिस ने एक किशोर को पहले ही पकड़ लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी सुमित अभी भी फरार है। क्राइम ब्रांच की टीम अब फरार आरोपियों की तलाश और हथियार बरामद करने के लिए छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More