किराड़ी में वेल्डर बनकर रह रहा था बिहार का ‘वांटेड’ अपराधी; 5 महीने बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर बिहार के एक सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बाबुल कुमार, निवासी पुनरारवाड़ा (बिहार), पिछले पांच महीनों से अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था और दिल्ली के किराड़ी इलाके में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि 29 अगस्त 2025 को बिहार के महिंदवारा थाना इलाके में एक डिलीवरी एजेंट राहुल कुमार की लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी बाबुल कुमार और उसके साथियों ने लूट का विरोध करने पर पीड़ित पर गोलियां चला दी थीं। इस वारदात के बाद से ही बाबुल बिहार से फरार होकर दिल्ली आ गया था।

बिहार पुलिस को आरोपी के दिल्ली के किराड़ी में होने की सूचना मिली थी, लेकिन सटीक ठिकाने का पता नहीं था। एसीपी भगवती प्रसाद और निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार की टीम ने दो दिनों तक तकनीकी और मानवीय सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। 13 मार्च की सुबह जब पुलिस ने किराड़ी के रतन विहार स्थित एक घर में छापेमारी की, तो आरोपी सबसे ऊपर की मंजिल पर बने बाथरूम में छिप गया। हालांकि, पुलिस टीम ने बारीकी से तलाशी ली और उसे धर दबोचा।

2022 में 12वीं पास करने के बाद बाबुल स्थानीय अपराधियों के संपर्क में आया था। उसके खिलाफ बिहार में लूट और हत्या के प्रयास के कई संगीन मामले दर्ज हैं। 2023 में जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से अपराध की दुनिया में कदम रखा। पिछले छह महीनों से वह किराड़ी में एक वेल्डर के रूप में काम कर रहा था ताकि किसी को उस पर शक न हो। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने कानूनी कार्यवाही पूरी कर आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More