अस्पताल कर्मी से मोबाइल छीनने वाले दो झपटमार गिरफ्तार, छीना हुआ मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला की पश्चिम विहार ईस्ट थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक अस्पताल कर्मचारी से मोबाइल छीना था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल (21 वर्ष), निवासी रघुवीर नगर और रोहन (19 वर्ष), निवासी टैगोर गार्डन के रूप में हुई है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 6 मार्च को पश्चिम विहार ईस्ट थाने में स्नैचिंग की एक शिकायत दर्ज की गई थी। पीड़ित, जो एक अस्पताल में कार्यरत है, सुप्रिया अपार्टमेंट के सामने वाली गली में था, तभी बालाजी अस्पताल की ओर से आए स्कूटी सवार दो लड़कों ने उसका मोबाइल छीना और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी (पश्चिम विहार) राजबीर लांबा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजपाल के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल तरुण की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने पश्चिम विहार ईस्ट, ख्याला और राजौरी गार्डन इलाकों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान साहिल और रोहन के रूप में हुई। 14 मार्च को सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने रघुवीर नगर के विशाल एन्क्लेव में छापेमारी कर साहिल को दबोच लिया। इसके बाद, आरोपी रोहन को पश्चिम विहार के सोनिया कैंप के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी साहिल की निशानदेही पर पीड़ित से छीना हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वे इलाके में हुई अन्य स्नैचिंग की वारदातों में भी शामिल रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने इस सफल ऑपरेशन के जरिए क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More