छत पर बने शौचालय में लगी आग, 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जलकर मौत

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। मोलरबंद स्थित गली के एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में आग लगने से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतका की पहचान वीनू सिंह (65) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला वहां छिपकर धूम्रपान कर रही थी, तभी अचानक आग लग गई और वह बाहर नहीं निकल सकीं।

पुलिस के अनुसार, शनिवार 14 मार्च को दोपहर मोलरबंद के मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां दूसरी मंजिल की छत पर बने एक परित्यक्त शौचालय में आग धधक रही थी। इस शौचालय का उपयोग कबाड़ और लकड़ी रखने के लिए किया जाता था। जब दमकल और पुलिस की टीम ने आग पर काबू पाया, तो भीतर से वीनू सिंह का पूरी तरह झुलसा हुआ शव बरामद हुआ।

स्थानीय पूछताछ और घटनास्थल के निरीक्षण से पता चला कि वीनू सिंह को धूम्रपान की आदत थी और वह अक्सर घर वालों की नजरों से बचकर छत पर बने इस सुनसान हिस्से में बीड़ी-सिगरेट पीने जाती थीं। आशंका जताई जा रही है कि धूम्रपान के दौरान ही वहां रखी लकड़ियों या कचरे ने आग पकड़ ली और धुआं व लपटें बढ़ने के कारण बुजुर्ग महिला को बचने का रास्ता नहीं मिला।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और फोटोग्राफी की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। परिजनों ने इस मामले में किसी भी तरह की साजिश या फाउल प्ले का संदेह नहीं जताया है, जिसके बाद पुलिस ने बीएनसएस की धारा 194 के तहत इंक्वेस्ट कार्यवाही शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More