छतरपुर नेचर बाजार में भीषण आग, 40 दुकानें जलकर खाक, करोड़ों का सामान स्वाहा

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ‘नेचर बाजार’ (दिल्ली हाट) में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां बनी करीब 40 अस्थायी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही महरौली थाना पुलिस और दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि प्रदर्शनी के लिए रखा गया लाखों-करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:33 बजे अंबेडकर कॉलोनी के पास आग लगने की सूचना मिली। महरौली थाने के एटीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि आग नेचर बाजार के भीतर लगी थी, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री जैसे कालीन, होम डेकोरेटिव आइटम्स, शॉल और साड़ियां मौजूद थीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग ने ‘मेक-4’ सिग्नल जारी कर अतिरिक्त इकाइयों को बुलाया। कुल 10 फायर यूनिट्स, वॉटर टेंडर और मल्टी-पर्पज यूनिट्स ने मिलकर आग को बुझाया।

मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और नाइट गार्ड्स के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने के समय दुकानों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, दुकानदारों का कहना है कि उनके स्टॉल में रखा हैंडलूम का कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। पुलिस और दमकल विभाग अब आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं और हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More