उत्तम नगर में तरुण खटीक की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, दोषियों को फांसी की मांग

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में तरुण खटीक की निर्मम हत्या के विरोध में रविवार को हिंदू समाज का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय अयप्पा पार्क में आयोजित एक विशाल श्रद्धांजलि सभा में हजारों की संख्या में लोग एकत्र हुए और तरुण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दिल्ली के संपूर्ण खटीक समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर हत्यारोपियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिलाने की मांग उठाई।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) इंद्रप्रस्थ प्रांत के प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना इस बात का प्रमाण है कि हिंदू समाज अब अन्याय के विरुद्ध जागृत हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विहिप और बजरंग दल इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। सुरेंद्र गुप्ता ने ऐलान किया कि परिषद न केवल परिवार को आर्थिक और सामाजिक सहायता देगी, बल्कि दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए कानूनी सहयोग भी प्रदान करेगी।

सभा में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि समाज के किसी भी सदस्य के साथ ऐसी जघन्य वारदात बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रशासन को इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए त्वरित न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बढ़ती ऐसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने की मांग की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर तरुण खटीक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विहिप के प्रचार प्रमुख संजीव कुमार ने बताया कि यह केवल एक शोक सभा नहीं थी, बल्कि यह पीड़ित परिवार का संबल बनने और समाज की एकता प्रदर्शित करने का एक संकल्प था। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More