सस्ते लोन के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला की साइबर सेल ने ऑनलाइन लोन स्कैम का भंडाफोड़ करते हुए एक 40 वर्षीय महिला जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला लोगों को सस्ते और आसान लोन का लालच देकर उनसे ‘प्रोसेसिंग फीस’ के नाम पर पैसे ऐंठती थी। पकड़ी गई आरोपी की पहचान सतविंदर कौर, निवासी तिलक नगर, पश्चिम दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से अपराध में इस्तेमाल मोबाइल फोन और पीड़ित से ठगी गई पूरी ₹20,000 की राशि बरामद कर ली है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सतविंदर कौर नामक महिला ने व्हाट्सएप के जरिए उसे लोन दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने 5% प्रोसेसिंग फीस की मांग की, जिसे मोलभाव के बाद 3% (₹20,000) पर तय किया गया। विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने पहले ₹1 का वेरिफिकेशन ट्रांजैक्शन कराया और फिर बाकी के ₹19,999 मंगवा लिए। पैसे मिलते ही उसने फोन बंद कर दिया और संपर्क तोड़ लिया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी (ऑपरेशंस) पदम सिंह राणा के मार्गदर्शन और साइबर थाना प्रभारी आशीष दुबे के नेतृत्व में एसआई रणविजय सिंह की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और वित्तीय लेनदेन के विश्लेषण के आधार पर आरोपी का पता लगाया और तिलक नगर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान सतविंदर कौर ने खुलासा किया कि वह पहले एक लोन रिकवरी एजेंसी में काम कर चुकी है। वहां से उसने उन लोगों के मोबाइल नंबर हासिल किए जिन्हें वित्तीय सहायता की आवश्यकता थी। पैसों की जरूरत और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने उन्हीं नंबरों पर संपर्क कर ठगी शुरू कर दी। उसने स्वीकार किया कि वह अब तक 4-5 अन्य लोगों को भी इसी तरह अपना शिकार बना चुकी है। पुलिस अब अन्य पीड़ितों की पहचान करने और आरोपी के बैंक खातों की जांच करने में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More