हत्या और डकैती जैसे कई संगीन मामलों में शामिल अपराधी चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला की राजेंद्र नगर थाना टीम ने मुस्तैद गश्त का परिचय देते हुए एक शातिर अपराधी को चोरी की स्कूटी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुरमीत सिंह (39 वर्ष), निवासी तिलक नगर के रूप में हुई है। आरोपी का अपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है; वह पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे सात गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के लिए तैनात की गई पेट्रोलिंग टीमों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। 13 मार्च की सुबह करीब सात बजे, कांस्टेबल कुणाल ओल्ड राजेंद्र नगर के सर गंगा राम अस्पताल रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को देखा।

पुलिसकर्मी को देखते ही स्कूटी सवार ने भागने की कोशिश की, जिससे संदेह और बढ़ गया। कांस्टेबल कुणाल ने तुरंत पीछा किया और गंगा राम अस्पताल रोड स्थित गुरुद्वारे के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब स्कूटी के विवरण की जांच की गई, तो पता चला कि यह स्कूटी थाना राजेंद्र नगर में दर्ज एक ई-एफआईआर के तहत चोरी की गई थी।

पूछताछ के दौरान 39 वर्षीय गुरमीत सिंह ने स्वीकार किया कि वह अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए जल्दी पैसा कमाना चाहता था, इसलिए वह इलाके में चोरी की नीयत से घूम रहा था। जांच में सामने आया कि वह निहाल विहार थाने में दर्ज हत्या के मामले और डाबड़ी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले सहित कई अन्य संगीन अपराधों में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हाल के दिनों में उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More