पहाड़गंज पुलिस ने दबोचा नबी करीम का ‘बैड कैरेक्टर’; कनॉट प्लेस के पास स्नैचिंग की वारदात सुलझी

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला की पहाड़गंज थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए झपटमारी के एक मामले को सुलझाते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी वरुण उर्फ विशाल (28 वर्ष), मुल्तानी ढांडा का रहने वाला है और वह थाना नबी करीम का घोषित बैड कैरेक्टर है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही लूट, छेड़छाड़, पोक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट के दस संगीन मामले दर्ज हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता कनॉट प्लेस से चेम्सफोर्ड रोड होते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। इस मामले की जांच के लिए एसआई हर्ष के नेतृत्व में एएसआई घनश्याम, हेड कांस्टेबल जगवीर और कांस्टेबल धर्मवीर, पुनीत व दीपक की एक टीम गठित की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने वरुण उर्फ विशाल की पहचान की। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी वरुण ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वारदात के समय उसके साथ जुनैद नामक युवक भी था। छीना हुआ मोबाइल फोन उसने जुनैद को सौंप दिया था, जो फिलहाल फरार है। पुलिस वरुण के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए उससे गहन पूछताछ कर रही है। फरार आरोपी जुनैद की गिरफ्तारी और मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More