मोतिया खान से दबोचा गया शातिर अपराधी, करोल बाग की बाइक बरामद, 4 मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला की पहाड़गंज थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ऐसे अपराधी को गिरफ्तार किया है जो झपटमारी के साथ-साथ वाहन चोरी की वारदातों में भी शामिल था। पकड़े गए आरोपी की पहचान कुलदीप उर्फ केशव (23 वर्ष), निवासी कल्याणपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 3 मार्च को नेहरू बाजार के पास एक राहगीर से मोबाइल छीनने की वारदात हुई थी। इस मामले की जांच के लिए एसआई हर्ष के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रामपाल, जगवीर, दिनेश और कांस्टेबल धर्मवीर, पुनीत व दीपक की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी निगरानी और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने 12 मार्च को पहाड़गंज के मोतिया खान इलाके से कुलदीप को धर दबोचा।

कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्नैचिंग की वारदात के साथ-साथ करोल बाग और पहाड़गंज इलाकों से वाहन चोरी की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मुल्तानी ढांडा से चोरी की गई एक स्कूटी और मोतिया खान से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपी ने बताया कि उसने छीना हुआ मोबाइल फोन किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया था। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पहाड़गंज और करोल बाग थानों में दर्ज चार आपराधिक मामलों को सुलझा लिया है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More