द्वारका पुलिस ने मास्क पहनकर चोरी करने वाले शातिर सेंधमार को दबोचा, 11 वारदातों का खुलासा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की एंटी-बर्गलरी सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए इलाके में सक्रिय एक कुख्यात सेंधमार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शरीफ उर्फ सालिम (24 वर्ष), निवासी राणाजी एन्क्लेव, नजफगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी के नौ मोबाइल फोन और दो पावर बैंक बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने उत्तम नगर, बिंदापुर, मोहन गार्डन और डाबड़ी जैसे थानों में दर्ज 11 चोरी और सेंधमारी के मामलों को सुलझा लिया है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 26 फरवरी को उत्तम नगर के नवादा गांव में एक घर में दिनदहाड़े चोरी हुई थी। मामले की जांच के लिए निरीक्षक विवेक मैंदोला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक नकाबपोश व्यक्ति घर में घुसता हुआ दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपी का पीछा शुरू किया। जांच में पता चला कि आरोपी कुछ दूर पैदल चलने के बाद एक ई-रिक्शा में सवार हुआ था। पुलिस ने धैर्यपूर्वक 3 दिनों तक करीब 10 किलोमीटर के दायरे में ई-रिक्शा के मार्ग का विश्लेषण किया। अंततः आरोपी नजफगढ़ के राणाजी एन्क्लेव में ई-रिक्शा से उतरते समय बिना मास्क के देखा गया, जहाँ से उसकी स्पष्ट तस्वीर हासिल की गई। मुखबिरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसकी पहचान शरीफ के रूप में हुई।

9 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-16बी, द्वारका के पास आने वाला है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से चोरी का सामान बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि शरीफ पहले भी 14 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। वह नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए ही अपराध की दुनिया में उतरा था। पहले वह साप्ताहिक बाजारों में पुराने बर्तन बेचने का काम करता था। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More