रोहतक रोड पर दबोचा गया ऑटो-लिफ्टर, झाड़ियों में छिपा रखी चोरी की तीन गाड़ियां बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सक्रिय ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान सूरज (26 वर्ष), निवासी मंगोलपुरी के रूप में हुई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि इलाके में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसीपी (ऑपरेशंस) विजय सिंह और AATS प्रभारी निरीक्षक मुकेश मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 13 मार्च को एएसआई वेदपाल, हेड कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल मनीष की टीम रोहतक रोड स्थित सीमेंट साइडिंग के पास सिविल ड्रेस में निजी वाहन से गश्त कर रही थी।

गश्त के दौरान टीम ने एक युवक को सफेद स्कूटी पर मादीपुर से पंजाबी बाग की ओर आते देखा। पुलिस को देखकर आरोपी ने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया, जिससे संदेह गहरा गया। पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए उसका पीछा किया और थोड़ी ही दूरी पर उसे दबोच लिया। जांच करने पर उसके पास मौजूद स्कूटी उसी दिन थाना पंजाबी बाग से चोरी की पाई गई।

कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी सूरज ने खुलासा किया कि उसने चोरी की कुछ अन्य स्कूटी मादीपुर और शिवाजी पार्क मेट्रो स्टेशन के बीच सर्विस रोड के पास झाड़ियों में छिपा रखी हैं। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो और स्कूटी (एक सफेद और एक डार्क ग्रे) बरामद कीं।

26 वर्षीय सूरज एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी वाहन चोरी के पांच मामलों में शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पंजाबी बाग, जनकपुरी और राजौरी गार्डन थानों में दर्ज चोरी के तीन मामलों को सुलझा लिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वह इन वाहनों को किसे बेचने वाला था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More