निज़ामुद्दीन में गश्त के दौरान दो ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार, 34 मोबाइल और बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्वी जिला की हजरत निज़ामुद्दीन थाना टीम ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। नियमित गश्त के दौरान पुलिस ने दो शातिर ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 34 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाने में दर्ज चोरी के कई मामलों को सुलझा लिया है।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि 14 मार्च को हेड कांस्टेबल सोनू और कांस्टेबल राजेंद्र लोधी रोड फ्लाईओवर के नीचे बस्ती हजरत निज़ामुद्दीन इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक मोटरसाइकिल पर दो युवकों को संदिग्ध रूप से तेज रफ्तार में आते देखा। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो दोनों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया।

सतर्क पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए संदिग्धों का पीछा किया और थोड़ी ही दूरी पर उन्हें घेरकर काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान वे मोटरसाइकिल के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सके। गहन जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल ओखला इंडस्ट्रियल एरिया से चोरी की गई थी।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान पवन उर्फ रोहित (24 वर्ष) और विक्की गुप्ता (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ओखला फेज-1 के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि पवन उर्फ रोहित पहले भी झपटमारी और चोरी के चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब इन बरामद 34 मोबाइल फोन के असली मालिकों का पता लगा रही है और यह जांच कर रही है कि यह गिरोह इन फोन को कहां बेचने की फिराक में था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More