मुक्का मारकर छीनी थी बाइक और मोबाइल, पुलिस ने लुटेरों को दबोचा, चोरी के 4 मोबाइल और 4 वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की विकासपुरी थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ‘ब्लाइंड’ लूट मामले को महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक युवक और उसके दोस्त के साथ मारपीट कर उनकी बाइक और मोबाइल लूट लिए थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरमान खान (24 वर्ष) और राशिद खान (28 वर्ष) के रूप में हुई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 11 मार्च की रात करीब 8:30 बजे विकासपुरी के नाला रोड पर दो लड़कों ने शिकायतकर्ता को रोककर उनके साथ मारपीट की और जबरन उनकी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी तिलक नगर के मार्गदर्शन और एसएचओ राज वीर सिंह व निरीक्षक सोमवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और फील्ड इन्वेस्टिगेशन की मदद से संदिग्धों के भागने के मार्ग का विश्लेषण किया गया, जिससे अरमान और राशिद की पहचान हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल थे, जिसके बाद पुलिस ने दो अन्य चोरी के दोपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए। आरोपी अरमान पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी के दो मामलों में शामिल रहा है और नशे का आदी है, जबकि राशिद कूड़ा बीनने का काम करता है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने विकासपुरी और पंजाबी बाग थानों में दर्ज कुल पांच आपराधिक मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More