बाइक राइडर ने महिला से की छेड़छाड़, विरोध करने पर दी धमकी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला की केएनके मार्ग थाना टीम ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक उबर बाइक चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सचिन चौधरी (34 वर्ष), निवासी बादली, दिल्ली के रूप में हुई है।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि 14 मार्च को 32 वर्षीय एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, 12 मार्च को दोपहर उसने अपने घर से पीतमपुरा जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक की थी। यात्रा के दौरान जब बाइक सेक्टर-13 डिवाइडिंग रोड के पास पहुँची, तो चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे शोर न मचाने की धमकी दी और पीतमपुरा के पास छोड़कर फरार हो गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी (प्रशांत विहार) रामफूल मीणा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रमोद आनंद के नेतृत्व में एसआई सौरभ मलिक, महिला एसआई रिंकी और हेड कांस्टेबल सुनील की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने संबधित ऐप कंपनी से बाइक और चालक का विवरण प्राप्त किया और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा ड्रीम मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी सचिन चौधरी पिछले एक साल से उबर के साथ काम कर रहा है और वह 10वीं कक्षा तक पढ़ा है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि वह पहले भी दहेज हत्या के एक संगीन मामले में शामिल रहा है। अदालत ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से कैब एग्रीगेटर्स के साथ काम करने वाले चालकों के वेरिफिकेशन और महिलाओं की सुरक्षा पर कड़ा संदेश दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More