US ट्रेड डील के खिलाफ आर-पार की जंग लड़ेंगे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, करेंगे संसद घेराव

नई दिल्ली: भारतीय युवा कांग्रेस ने केद्र सरकार की नीतियों और विशेष रूप से हालिया ‘इंडिया-यूएस ट्रेड डील’ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने घोषणा की कि आगामी 16 मार्च को देश भर के युवा कांग्रेस कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में संसद का घेराव करेंगे। युवा कांग्रेस का आरोप है कि इस ट्रेड डील के माध्यम से देश का डेटा विदेशी हाथों में बेचा जा रहा है और इससे भारतीय किसानों व टेक्सटाइल इंडस्ट्री को भारी नुकसान होगा।

 अक्षय लाकड़ा ने कहा कि इस ट्रेड डील की जल्दबाजी में की गई घोषणा कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने ‘एपस्टीन फाइल’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि यह डील राष्ट्रीय हितों से समझौता है। लाकड़ा ने कहा, “हमारे नेता राहुल गांधी ने संसद परिसर में ‘PM IS COMPROMISED’ का जो नारा दिया था, उसी को लेकर हमारे साथियों ने AI समिट में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है और हम इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं।”

राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह-प्रभारी हैवरान कंसाना व कृष्णा हरि ने भी प्रदर्शन की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 16 मार्च को जंतर-मंतर पर होने वाला यह विरोध प्रदर्शन युवा कांग्रेस के अब तक के सबसे बड़े आंदोलनों में से एक होगा। कंसाना ने कहा कि देश भर के ज्वलंत मुद्दों और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ यह एक निर्णायक लड़ाई है।

इस दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि AI समिट में प्रदर्शन के दौरान पकड़े गए उनके सभी साथी अब हिरासत से बाहर हैं और उनका मनोबल ऊंचा है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने अपनी नीतियों और इस ट्रेड डील पर पुनर्विचार नहीं किया, तो उनका आंदोलन और उग्र होगा। 16 मार्च के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भी जंतर-मंतर और संसद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More