एमसीडी स्कूलों के दिव्यांग छात्रों ने पहली बार राष्ट्रपति भवन के ‘परपल फेस्ट’ में बिखेरी चमक

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। निगम के इतिहास में पहली बार, समावेशी शिक्षा के तहत 11 दिव्यांग छात्रों को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में आयोजित प्रतिष्ठित ‘परपल फेस्ट’ में भाग लेने का अवसर मिला। इस कार्यक्रम में देशभर से आए दिव्यांग जनों के बीच दिल्ली नगर निगम के बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया।

परपल फेस्ट का आयोजन प्रतिवर्ष राष्ट्रपति भवन में किया जाता है, जहां दिव्यांग छात्र और नागरिक अपनी कला और कौशल का प्रदर्शन करते हैं। इस वर्ष दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों के दो छात्रों ने मंच पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी, जबकि नौ अन्य छात्रों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मकता दिखाई। निगम प्रशासन ने इस पहल को छात्रों के सर्वांगीण विकास और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

इस गौरवशाली अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट और निगम विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास डागर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षक भी बच्चों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने न केवल अपनी प्रस्तुतियां दीं, बल्कि राष्ट्रपति भवन के विश्व प्रसिद्ध अमृत उद्यान का भ्रमण भी किया और वहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया।

निगम अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में समावेशी शिक्षा प्रदान करने और दिव्यांग छात्रों को हर संभव सुविधा व मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भागीदारी से छात्रों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में निगम के विशेष छात्रों को सीधे राष्ट्रपति भवन के इस विशेष उत्सव में आमंत्रित किया गया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More