मधु विहार पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा शातिर स्नैचर; 3 मोबाइल और स्पोर्ट्स बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला की मधु विहार थाना टीम ने बहादुरी और मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक सक्रिय झपटमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई यामहा R-15 मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रिज़वान (22 वर्ष), निवासी लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए एसएचओ अरुण कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मदन लाल और कांस्टेबल साहिल नागर की एक विशेष गश्ती टीम तैनात की गई थी। 13 मार्च की रात जब टीम आईपी एक्सटेंशन के अल्लाह कॉलोनी चौक के पास थी, तभी कांस्टेबल साहिल ने दो युवकों को एक राहगीर से मोबाइल छीनकर भागते देखा।

बिना समय गंवाए कांस्टेबल साहिल नागर ने भाग रहे बदमाशों का पीछा किया। कुछ ही दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। तलाशी के दौरान आरोपी रिज़वान के पास से पीड़ित का छीना हुआ सैमसंग गैलेक्सी A-14 मोबाइल बरामद कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि रिज़वान एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी दिल्ली के शास्त्री पार्क और ई-क्राइम ब्रांच में लूट व चोरी के दो संगीन मामलों में शामिल रहा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इलाके से चोरी किए गए दो अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्पोर्ट्स बाइक को जब्त कर लिया है और फरार सह-आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस गिरफ्तारी से मधु विहार थाने के तीन अलग-अलग स्नैचिंग और चोरी के मामलों को सुलझा लिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More