महेंद्र पार्क पुलिस ने दबोचा जहांगीरपुरी का शातिर स्नैचर; 18 संगीन मामलों में शामिल ‘पल्टू’ के पास से मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की भड़ोला चौकी (थाना महेंद्र पार्क) टीम ने एक शातिर और आदतन स्नैचर को गिरफ्तार कर क्षेत्र में हो रही झपटमारी की घटनाओं पर लगाम लगाई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आसिफ उर्फ पल्टू (25 वर्ष), निवासी जहांगीरपुरी के रूप में हुई है। आरोपी जहांगीरपुरी थाने का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ है और उसके खिलाफ पहले से ही लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के 18 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसके कब्जे से छीने गए दो हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 10 मार्च को आजादपुर मंडी के पास एक महिला का बैग छीनने की शिकायत मिली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी रोहित गुप्ता के मार्गदर्शन और एसएचओ विजय शानवाल के नेतृत्व में चौकी प्रभारी (भड़ोला) एसआई सचिन की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया।

पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी शालीमार बाग अंडरपास के पास आने वाला है। पुलिस ने वहां जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी वहां पहुँचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से महेंद्र पार्क और आदर्श नगर इलाके से छीने गए मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ में आसिफ उर्फ पल्टू ने खुलासा किया कि वह आसानी से पैसा कमाने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। वह विशेष रूप से उत्तर-पश्चिम जिले के भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी करता था। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने महेंद्र पार्क और आदर्श नगर थानों में दर्ज तीन स्नैचिंग के मामलों को सुलझा लिया है। पुलिस अब आसिफ के फरार साथी की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More