मध्य दिल्ली की ‘जगुआर’ टीम का क्राइम पर कड़ा प्रहार, अवैध हथियार, चोरी की स्कूटी और स्नैचर्स एक साथ काबू

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला की विशेष ‘जगुआर’ पेट्रोलिंग टीम ने अपनी पैनी नजर और मुस्तैदी का परिचय देते हुए अपराध के खिलाफ तीन अलग-अलग सफल ऑपरेशनों को अंजाम दिया है। डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के नेतृत्व में जगुआर टीम ने रात की गश्त के दौरान अवैध हथियार बरामद करने, चोरी के वाहन को ट्रैक करने और स्नैचर्स को रंगे हाथों पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है।

ऑपरेशन 1: राजघाट के पास अवैध पिस्तौल बरामद

13 मार्च की रात करीब नौ बजे, एएसआई अनिल और हेड कांस्टेबल प्रकाश की टीम राजघाट रेड लाइट के पास गश्त पर थी। टीम ने सर्विस लेन में एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी पर एक युवक और युवती को संदिग्ध हालत में बैठा देखा। पूछताछ के दौरान उनकी बातों में विरोधाभास होने पर जब स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली गई, तो उसमें से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी मो. अनस (23 वर्ष), निवासी ओखला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि साथ में मौजूद 18 वर्षीय युवती को कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसकी मां को सौंप दिया गया।

ऑपरेशन 2: दरियागंज से चोरी की स्पोर्ट्स स्कूटी बरामद

उसी रात, जगुआर टीम ने दरियागंज के सद्भावना पार्क के पास एक काले रंग की यामाहा एयरोक् स्कूटी सवार को रोका। ज़िपनेट पर जांच करने पर पता चला कि यह स्कूटी जगतपुरी इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपी मो. सहम (20 वर्ष), निवासी तुर्कमान गेट को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त कर ली है।

ऑपरेशन 3: पीछा कर पकड़े गए मोबाइल स्नैचर्स

9 मार्च की सुबह करीब पांच बजे, बीएसजेड मार्ग पर दूरदर्शन के पास दो बदमाशों ने एक राहगीर से मोबाइल छीन लिया। पास में गश्त कर रही जगुआर टीम (एएसआई सुशील व अन्य) ने तुरंत हरकत में आते हुए बदमाशों का पीछा किया और थोड़ी ही दूरी पर शाहनवाज (22 वर्ष) और बिलाल (23 वर्ष) को दबोच लिया। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले हैं और उनके पास से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया गया है।

सेंट्रल जिला पुलिस की इन कार्रवाइयों ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि ‘जगुआर’ की नजरों से बच पाना नामुमकिन है। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और हथियार सप्लाई करने वाले सूत्रों की तलाश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More