दिल्ली पुलिस का अंतरराज्यीय रेस्क्यू ऑपरेशन; सिद्धिपुरा से लापता महिला को वैष्णो देवी से सुरक्षित बरामद किया

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला की सिद्धिपुरा चौकी (थाना डीबीजी रोड) टीम ने एक सराहनीय मानवीय कार्य करते हुए 39 घंटे के भीतर एक लापता महिला को जम्मू-कश्मीर के कटरा से सुरक्षित ढूंढ निकाला है। तकनीकी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के तालमेल से पुलिस ने महिला को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के पास से बरामद कर उनके परिवार से मिलवाया।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 9 मार्च को करोल बाग के सिद्धिपुरा निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और चौकी प्रभारी एसआई सुमित सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सुरेश और धर्मेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीडीआर विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी डेटा से संकेत मिला कि महिला किसी परिचित के साथ जम्मू-कश्मीर की ओर गई है। बिना समय गंवाए, पुलिस टीम 10 मार्च की रात 1:00 बजे निजी वाहन से दिल्ली से कटरा के लिए रवाना हुई। करीब 13 घंटे का सफर तय कर टीम कटरा पहुँची और तकनीकी अपडेट्स के आधार पर माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत और जमीनी पूछताछ के बाद, पुलिस ने 11 मार्च की सुबह 4:39 बजे महिला को सफलतापूर्वक ढूंढ लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पिछले काफी समय से अत्यधिक मानसिक और भावनात्मक तनाव में थी, जिसके कारण वह शांति की तलाश में घर से बिना बताए चली गई थी। उसने एक महीने पहले से ही अपना सामान पैक करना शुरू कर दिया था ताकि वह कुछ समय अपनी दिनचर्या से दूर बिता सके।

पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उनके परिवार को सौंप दिया। परिवार ने दिल्ली पुलिस की इस तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की दिल से सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More