एक्सिस बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटने की कोशिश, लाखों की नगदी पर था निशाना, पुलिस ने शुरू की जांच

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के पॉश इलाके अशोक विहार फेज-1 में शातिर बदमाशों ने एक एटीएम को निशाना बनाकर लूट की कोशिश की। बदमाशों ने सी-3 स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को गैस कटर की मदद से काटने का प्रयास किया, जिससे मशीन का एक हिस्सा जल गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, चोरी की गई सटीक राशि और नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन बैंक मैनेजर के अनुसार एटीएम में करीब 4.81 लाख रुपये मौजूद थे। अशोक विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार 14 मार्च को एटीएम में तोड़फोड़ और चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर सुभाष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर साफ था कि बदमाशों ने बड़ी तकनीकी योजना के साथ गैस कटर का इस्तेमाल कर एटीएम के कैश बॉक्स तक पहुंचने की कोशिश की थी। शिकायतकर्ता सुजीत कुमार ने बताया कि मशीन में विभिन्न मूल्यवर्ग के लगभग 4.81 लाख रुपये जमा थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर-पश्चिमी जिले की क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से छह ‘चांस प्रिंट’ उठाए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। इसके अलावा, पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के आने-जाने के रूट और उनकी पहचान की जा सके।

अशोक विहार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को अंदेशा है कि यह किसी ऐसे गिरोह का काम हो सकता है जो पहले भी एटीएम को गैस कटर से काटने की वारदातों में शामिल रहा हो। पुलिस की कई टीमें दिल्ली और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More