फेशियल रिकग्निशन तकनीक की मदद से डाबड़ी पुलिस ने दबोचा शातिर स्नैचर, चोरी की बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की डाबड़ी थाना टीम ने आधुनिक तकनीक और मुस्तैद गश्त के तालमेल से एक सक्रिय झपटमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद जाफर उर्फ साहिल उर्फ सोनू (24 वर्ष), निवासी राजापुरी, उत्तम नगर के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस ने फेशियल रिकग्निशन सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि डाबड़ी सब-डिवीजन में बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए एसीपी डाबड़ी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गंगा राम के नेतृत्व में एएसआई धर्मेंद्र, हेड कांस्टेबल राजेंद्र और विकास सहित एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी 7 मार्च को राजापुरी स्थित छठ पूजा पार्क के पास चोरी की बाइक के साथ आने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पार्क के पास जाल बिछाया। जैसे ही जाफर वहां पहुँचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने तुरंत उसकी घेराबंदी कर उसे काबू कर लिया। जांच में उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल उत्तम नगर इलाके से चोरी की पाई गई।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि 24 वर्षीय मोहम्मद जाफर ‘स्मैक’ के नशे का आदी है और अपनी इस जरूरत को पूरा करने के लिए वह स्नैचिंग और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह द्वारका, पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने बिंदापुर थाने में दर्ज स्नैचिंग के दो मामले और उत्तम नगर का एक वाहन चोरी का मामला सुलझा लिया है। जाफर के खिलाफ पहले भी स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More