द्वारका स्पेशल स्टाफ ने कपिल सांगवान के शार्प शूटर को हरियाणा से दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला के विशेष स्टाफ ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के शार्प शूटर लकी उर्फ भवानी (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नांगल शालू गांव से दबोचा गया। वह अदालत की सुनवाई से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट व भगोड़ा घोषित होने की प्रक्रिया जारी थी।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जेल से बाहर आने वाले अपराधियों पर पैनी नजर रखने के लिए एसीपी (ऑपरेशंस) के मार्गदर्शन और विशेष स्टाफ प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई थी। टीम को सूचना मिली कि नंदू गैंग का शूटर भवानी जेल से बाहर है और वह अंबाला जेल में बंद अपने साथी धर्मेंद्र राणा से मिलने जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने महेंद्रगढ़ में छापेमारी कर उसे धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह 8वीं कक्षा के बाद स्कूल छोड़कर अपराध की दुनिया में शामिल हो गया था। वह पवन शेरावत के माध्यम से कपिल सांगवान के संपर्क में आया। साल 2021 में उसने नंदू के निर्देश पर उजवा गांव में विरोधी गैंग के सदस्य मनोज की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा, उसने बिजवासन इलाके में रंगदारी के लिए फायरिंग की थी और पुलिस टीम पर भी गोलियां चलाई थीं।

आरोपी लकी उर्फ भवानी एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट के कुल आठ संगीन मामले दर्ज हैं। दिसंबर 2025 में जयपुर जेल से छूटने के बाद वह फिर से गैंग की गतिविधियों को बढ़ाने और आर्थिक मदद जुटाने के लिए कपिल सांगवान से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे फिर से जेल भेज दिया गया है। द्वारका पुलिस अब उसके अन्य संपर्कों और भविष्य की साजिशों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More