सफदरजंग अस्पताल की अनूठी पहल: देश के सरकारी क्षेत्र में पहली बार शुरू हुआ ‘क्रिटिकल केयर फॉलो-अप क्लिनिक’

नई दिल्ली: देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ने आईसीयू से डिस्चार्ज होने वाले मरीजों के लिए एक समर्पित ‘क्रिटिकल केयर फॉलो-अप क्लिनिक’ की शुरुआत की है। भारत के सरकारी स्वास्थ्य ढांचे में इस तरह की यह पहली सेवा है। इस पहल का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह सेवा सरकार के ‘ई-संजीवनी ओपीडी’ टेलीमेडिसिन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे मरीज और उनके परिजन घर बैठे ही क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों से संपर्क कर सकेंगे।

इस महत्वाकांक्षी सेवा का उद्घाटन 14 मार्च को सफदरजंग अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप बंसल ने किया। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारू बांबा समेत सभी अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक और क्रिटिकल केयर विभाग की टीम मौजूद रही। यह क्लिनिक हर मंगलवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच संचालित होगा, जहाँ विशेषज्ञ मरीजों की रिकवरी की निगरानी करेंगे।

क्रिटिकल केयर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अनिर्बान होम चौधरी ने बताया कि भारत में पोस्ट-आईसीयू देखभाल में एक बड़ा अंतर रहा है। अक्सर देखा जाता है कि आईसीयू से बचने वाले मरीजों को डिस्चार्ज के बाद भी शारीरिक कमजोरी, सोचने-समझने में कठिनाई और कई अन्य जटिलताओं का सामना करना पड़ता है। एक व्यवस्थित फॉलो-अप सेवा न होने के कारण कई बार मरीजों की स्थिति दोबारा गंभीर हो जाती है। नया क्लिनिक विशेष रूप से इन्ही चुनौतियों को दूर करने के लिए बनाया गया है।

निदेशक डॉ. संदीप बंसल ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से हम दूर-दराज के मरीजों तक पहुंच सकेंगे और यह सुनिश्चित कर सकेंगे कि अस्पताल से घर जाने के बाद भी उनकी देखभाल में कोई कमी न रहे। सफदरजंग अस्पताल की यह पहल आने वाले समय में अन्य सरकारी अस्पतालों के लिए भी एक मॉडल साबित हो सकती है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More