शातिर वाहन चोर ‘खली’ गिरफ्तार, चोरी का टेंपो और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की राजौरी गार्डन थाना (सुभाष नगर चौकी) टीम ने वाहन चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्की सुनार उर्फ खली (22 वर्ष), निवासी मायापुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी किया गया एक महिंद्रा चैंपियन टेंपो (थ्री-व्हीलर) और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी बरामद कर ली है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 11 मार्च को सुभाष नगर इलाके से एक महिंद्रा चैंपियन टेंपो चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी (राजौरी गार्डन) नीरज टोकस के मार्गदर्शन और चौकी प्रभारी (सुभाष नगर) एसआई विक्रांत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज में एक संदिग्ध सफेद रंग की स्कूटी पर आता हुआ दिखाई दिया, जिसे उसने रास्ते में छोड़ दिया और पैदल ही टेंपो की ओर बढ़ा। चोरी करने के बाद आरोपी नजफगढ़ रोड और महात्मा गांधी रोड होते हुए इंदिरपुरी की तरफ भाग निकला।

तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान विक्की उर्फ खली के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का टेंपो बरामद कर लिया गया। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की गई, जो उसी दिन राजौरी गार्डन इलाके से ही चोरी की गई थी।

22 वर्षीय विक्की केवल छठी कक्षा तक पढ़ा है और दिहाड़ी मजदूरी करता है। जांच में सामने आया कि वह पहले भी वाहन चोरी के दो मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों वाहनों को मालखाने में जमा करा दिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More