जम्मू-कश्मीर से मोबाइल लूटकर दिल्ली आए तस्कर को लोधी कॉलोनी पुलिस ने दबोचा, 13 मोबाइल और लैपटॉप बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला की लोधी कॉलोनी थाना टीम ने गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जम्मू-कश्मीर के एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में चोरी के मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राहिल अहमद रायसी (34 वर्ष), निवासी बारामूला, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि इलाके में अपराध रोकथाम के लिए तैनात गश्ती दल (हेड कांस्टेबल सतीश और कांस्टेबल राजेश) 12 मार्च की रात करीब आठ बजे सिल्वर ओक पार्क के पास ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति पार्क के बाहर घूमता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस टीम ने उसे रोककर उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 13 मोबाइल फोन और एक डेल लैपटॉप बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने ये सारा सामान जम्मू-कश्मीर के कुंजर इलाके में स्थित ‘साइबर मोबाइल स्टेशन’ नामक दुकान से चुराया था। लोधी कॉलोनी पुलिस ने तुरंत जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क किया, जिससे पुष्टि हुई कि 9 मार्च को बिलाल अहमद भट्ट की शिकायत पर थाना कुंजर में इस चोरी के संबंध में एफआईआर पहले से दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के पास से सैमसंग, रियलमी, रेडमी, वीवो और टेक्नो जैसे ब्रांड्स के स्मार्टफोन बरामद किए हैं। आरोपी राहिल अहमद कश्मीर में मौसमी मजदूर के रूप में काम करता है और चोरी के बाद सामान बेचने की फिराक में दिल्ली आया था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का सामान जब्त कर लिया है। अब उसे आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More