ऑनलाइन ट्रांसफर का झांसा देकर छीना मोबाइल और कैश, वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस ने दो को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिला की वसंत कुंज नॉर्थ थाना टीम ने महिपालपुर इलाके में सक्रिय एक बेहद शातिर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो भोले-भले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर उनसे पैसे और मोबाइल ठग लेते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज (34 वर्ष), निवासी शकूरपुर और हनी (20 वर्ष), निवासी रोहिणी के रूप में हुई है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 16 फरवरी को उत्तराखंड निवासी पी.एस. बोहरा ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित महिपालपुर के एक होटल में वेटर का काम करता है। आरोपियों ने उसे झांसा दिया कि उन्हें कैश की जरूरत है और वे उसके बदले ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर देंगे। मदद के नाम पर पीड़ित ने एटीएम से ₹30,000 निकाले, जिसे आरोपियों ने ले लिया और फिर मोबाइल पर ट्रांजैक्शन दिखाने के बहाने उसका फोन लेकर बाइक से फरार हो गए। बाद में पीड़ित के खाते से ₹70,000 और निकाल लिए गए।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह मुख्य रूप से उत्तराखंड, नेपाल और उत्तर-पूर्वी राज्यों के लोगों को निशाना बनाता था। आरोपी पीड़ितों से उन्हीं की भाषा और लहजे में बात कर उनका भरोसा जीतते थे। जब पीड़ित एटीएम से पैसे निकालता, तो आरोपी चालाकी से उसका एटीएम पिन देख लेते थे। इसके बाद फोन लेकर भाग जाते और फोन के एक्सेस व पिन की मदद से यूपीआई के जरिए खाते से पूरी रकम साफ कर देते थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ बलबीर सिंह के नेतृत्व में एएसआई अशोक, हेड कांस्टेबल गौरव और सोनू सहित एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने यूपीआई आईडी और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया और शकूरपुर व रोहिणी में छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया। आरोपी सूरज पहले भी चोरी के 6 मामलों में शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने वसंत कुंज नॉर्थ थाने की तीन बड़ी एफआईआर को सुलझा लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उन्होंने अब तक और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More